वाहन चालान को लेकर पुलिस के खिलाफ आक्रोशत भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने निकाली पदयात्रा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। वाहन चालान के नाम पर आमजन को परेशान करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी पुलिस के खिलाफ भड़क उठी। कार्यकत्र्ताओं ने झंडाचौक से कोतवाली तक जुलूस प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकत्र्ताओं ने चालान के नाम पर जनता को परेशान करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार दोपहर भाजपा कार्यकत्र्ता झंडाचौक चौराहे में एकत्रित हुए जहां से जुलूस प्रदर्शन के रूप में कोतवाली में पहुंचे। कार्यकत्र्ताओं ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट से मुलाकात की। कार्यकत्र्ताओं ने कहा कि पुलिस वाहन चालान के नाम पर आमजन को परेशानी कर रही है। कई बार पुलिसकर्मी व पीआरडी जवान वरिष्ठ नागरिकों के साथ भी अभद्रता कर चुके हैं। पुलिस टीम सुबह से ही गली-मोहल्लों में चालान करने के लिए तैनात हो जाती है।
हेलमेट पहनने के बाद भी दस्तावेज के नाम पर आमजन को परेशान किया जा रहा है। बेरोजगार व मजदूर व्यक्तियों का तीन से पांच हजार रुपये तक का चालान हो रहा है। ऐसे में आमजन का मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन पुलिस केवल चालान करने तक ही सीमित रह गई है। कार्यकत्र्ताओं ने पुलिस से शहर के बाहर नेशनल हाईवे पर चालान अभियान चलाने की मांग की है। कहा कि यदि भविष्य में दोबारा चालान के नाम पर जनता को परेशान किया जाएगा तो कार्यकत्र्ता एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सुनील गोयल, पंकज भाटियाल, मानेश्वरी बिष्ट, धर्मवीर सिंह गुसाईं, विवेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *