कोटद्वार-पौड़ी

भाजपा कर रही विकास, जन-जन तक पहुंचाएं योजनाएं : भट्ट

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने किया यमकेश्वर विधानसभा का भ्रमण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश का बेहतर विकास कर रही है। केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। जन-जन तक यह योजनाएं पहुंचे इसके लिए कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को अभियान चलाना होगा।
प्रदेश स्तर पर भाजपा के महा जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मंगलवार को यमकेश्वर विधानसभा के अंतर्गत द्वारीखाल पहुंचे। उनके वहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर ब्लाक सभागार में आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर केंद्र सरकार की ओर से अमृत महोत्सव के अंतर्गत वीर बलिदानियों व स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों के संघर्ष को याद करते हुए उनके सपनों को याद करने का संकल्प लिया गया है। कहा प्रदेश सरकार बिना किसी तुष्टिकरण के सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को साकार करने के लिए धर्म, संस्कृति व शौर्य की देवभूमि के सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। धर्मान्तरण की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सख्त धर्मान्तरण कानून बनाकर ऐसी घटनाओं को रोकने का काम किया है। मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से महाजनसंपर्क अभियान के तहत घर-घर जाकर आम जन को केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता रविन्द्र सिंह रावत, रतन मोहन डोबरियाल, वीर सिंह रावत, विजय लखेड़ा, महिमानंद भटकोटी आदि ने अपने अनुभव नए कार्यकर्ताओं के साथ साझा किए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, जिला प्रभारी राकेश नैनवाल, जिलामंत्री मीरा रतूड़ी, चंडी प्रसाद कुकरेती, विजय लखेड़ा, हेमंत बहुखण्डी, मनोज रावत, नीलम नैथानी, दिनेश भट्ट, शान्तनु रावत, विजय रावत, नीरज कंडवाल, सुखपाल नेगी, सुनील रावत, राजाराम डोबरियाल, सौरभ गुप्ता आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!