जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्याप्त मेहनताना नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए ब्लिंकिट के डिलीवरी राइडर्स सोमवार से हड़ताल पर चले गए। देवी रोड स्थित ब्लिंकिट स्टोर के बाहर एकत्रित राइडर्स ने कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। राइडर्स का आरोप है कि कंपनी की ओर से भुगतान की व्यवस्था स्पष्ट नहीं है। इससे उन्हें मेहनत के अनुरूप कम आमदनी हो रही है।

सोमवार सुबह स्टोर के बाहर एकत्रित राइडर्स ने हड़ताल की घोषणा की। उनका कहना है कि वे लंबे समय से घर-घर सामान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। शुरुआत में उन्हें बेहतर सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अब उन्हें पर्याप्त मेहनताना भी नहीं मिल पा रहा है। राइडर्स के अनुसार, एक किलोमीटर की दूरी तक सामान पहुंचाने के लिए उन्हें 12 रुपये दिए जाते हैं, जबकि इसके बाद की दूरी के भुगतान का स्पष्ट हिसाब नहीं मिलता। उनका आरोप है कि सामान पहुंचाने का भुगतान तो किया जाता है, लेकिन डिलीवरी के बाद वापस लौटने में लगने वाले खर्च का कोई भुगतान नहीं होता। राइडर्स ने बताया कि कई बार डिलीवरी के दौरान मोटर साइकिल में अधिक पेट्रोल खर्च हो जाता है। ऐसे में कम मेहनताने के कारण उनके लिए काम करना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि दिनभर मेहनत करने के बावजूद आमदनी और खर्च के बीच संतुलन नहीं बन पा रहा है। राइडर्स ने कंपनी की इंसेंटिव व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक काम करने वाले राइडर्स को ही इंसेंटिव का लाभ मिल पाता है। उन्होंने कहा कि अपनी समस्याओं से कई बार कंपनी को अवगत कराने के बावजूद अब तक समाधान नहीं हुआ है। राइडर्स की हड़ताल के चलते डिलीवरी सेवाएं प्रभावित होने की बात सामने आई। राइडर्स ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान कर मेहनत के अनुरूप भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।