कोटद्वार-दुगड्डा व गुमखाल-सतपुली के मध्य आया मलवा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बरसात के मौसम में कोटद्वार-सतपुली के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुनौतियां बढ़ गई हैं। हल्की वर्षा होते ही हाईवे पर बोल्डर गिर रहे हैं। गुरुवार को हुई बारिश के दौरान कोटद्वार-दुगड़्डा के मध्य व गुमखाल-सतपुली के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बोल्डर आ गए। जिसके कारण घंटों के लिए यातायात पूरी तरह बंद रहा।

गुरुवार सुबह से ही क्षेत्र में बारिश का दौर चल रहा था। जिसके कारण कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य हाईवे पर भारी बोल्डर गिर गए। जगह-जगह गिर रहे बोल्डर के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पांचवे मील से आगे मलबे के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, बरसाती रपटा भी पूरे वेग पर बह रहा था। कोटद्वार से दुगड्डा तक सफर तय करने में तीन से चार घंटे लग गए। वहीं, सतपुली-गुमखाल के मध्य भी हाईवे पर बोल्डर गिरने का दौर चल रहा था। इसके कारण यहां भी वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ था। हालांकि मौके पर तैनात जेसीबी व पोकलेंड मशीनों से मलबे को साफ किया जा रहा था।
सुरक्षा के लिए बरतें सावधानी
लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, संवेदनशील क्षेत्रों में अत्यधिक सावधानी बरतने तथा मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर स्थायी सुरक्षा उपाय और वैज्ञानिक ढंग से पहाड़ियों का उपचार किया जाना अब बेहद जरूरी हो गया है, ताकि हर मानसून में यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।