टूटी नालियां, बरसात में होगा जल भराव

Spread the love

शहर में बदहाल नालियों की भी मरम्मत नहीं करवा पा रहा निगम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम शहर में बदहाल पड़ी नालियों की भी मरम्मत नहीं करवा पा रहा है। ऐसे में निगम की यह लापरवाही बरसात में जल भराव की स्थिति पैदा कर सकती है। कई स्थानों पर गंदे पानी की निकासी नहीं होने के कारण गंदगी सड़क पर जमा हो रही है। ऐसे में संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है। जबकि, शहरवासी कई बार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग उठा चुके हैं।
नगर निगम गठन के बाद जनता को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, निगम सड़क किनारे गंदे पानी की निकासी के लिए बेहतर योजना भी नहीं बना पा रहा है। कहीं नालियां टूटी हुई हैं तो कहीं इनका अस्तित्व ही समाप्त हो चुका है। घर व प्रतिष्ठानों से आने वाले गंदे पानी की बेहतर निकासी नहीं होने से गंदगी सड़क पर बहती रहती है। ऐसे में राहगिरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को होती है। कई स्थानों पर नालियां मिट्टी में दबने से गायब हो चुकी हैं। लेकिन, निगम ने इनके सफाई की भी सुध नहीं ली।

वर्षाकाल में होगा जल भराव
नगर निगम की यह लापरवाही वर्षाकाल में शहरवासियों पर भारी पड़ सकती है। बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से जगह-जगह जल भराव की स्थिति देखने को मिल सकती है। वहीं, कई स्थानों पर नालियां गंदगी से पटी हुई हैं। शिकायत के बाद भी नगर निगम इनके सफाई की भी सुध नहीं ले रहा। जबकि, वर्षाकाल में जल भराव शहरवासियों के लिए मुसीबत बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *