ऋषिकेश। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। शनिवार को ऋषिकेश पहुंचे कांग्रेस के समन्वयक लोकेश वशिष्ठ ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार की पोल खोलने में जुटें। शनिवार को रेलवे मार्ग स्थित कांग्रेस भवन में बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के समन्वयक लोकेश वशिष्ठ का स्वागत किया गया। समन्वयक लोकेश वशिष्ठ ने कहा कि कांग्रेस आगामी विस चुनाव को लेकर काफी गंभीर है और मिशन 2022 को सफल बनाने की तैयारियों में लग गई है। कहा कि उत्तराखण्ड सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। इसमें कुंभ में कोविड जांच घोटाला, लाइब्ररी घोटाला जैसे प्रमुख घोटाले शामिल हैं। कांग्रेस इन्हें उजागर करने का कार्य करेगी। कहा कि भाजपा के शासनकाल में हुये भ्रष्टाचार को कांग्रेसी जनता के बीच लेकर जायेंगे। जनता के सहयोग से भाजपा को अब सत्ता से उखाड़ फेंकने का कार्य किया जाएगा। पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस तीन चौथाई बहुमत से सरकार बनाकर प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाएगी। मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, एआईसीसी सदस्य जयेन्द्र रमोला, जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, प्रदेश सचिव मदनमोहन शर्मा, मनीष शर्मा, सरोज देवराडी, विजयपाल सिंह रावत, ललित मोहन मिश्र, राकेश सिंह, देवेंद्र प्रजापति, लल्लन राजभर, राधा रमोला, विजय लक्ष्मी शर्मा, भगवान सिंह पंवार, शिवा सिंह, रुकम सिंह पोखरियाल, विवेक तिवारी, देवेंद्र पाल सिंह रावत, भगवती प्रसाद सेमवाल, सुधीर राय, राम कुमार भर्तौलिये, संजय भारद्वाज, सोनू पाण्डे, अभिषेक शर्मा, संजय भट्ट, पुरंजय राजभर, जितेंद्र यादव, नंद किशोर जाटव, परमेश्वर राजभर, अजय धीमान, मनोज गुसाईं अशोक शर्मा, चन्द्र कांता जोशी, विक्रम भंडारी, गजेन्द्र विक्रम शाही आदि उपस्थित रहे।