रिखणीखाल के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग की

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
समाज सेवी लीलानंद लखेड़ा जनकल्याण समिति ने कोटद्वार से सतपुली होते हुए रिखणीखाल के लिए सीधी बस सेवा शुरू करवाये जाने की मांग प्रदेश सरकार से की है। समिति ने इस संबंध में परिवहन मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि मोटर मार्ग बनने के बावजूद भी यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यातायात के अभाव में ग्रामीण पैदल चलने को मजबूर है। ऐसे में जिस उद्देश्य के लिए ग्रामीणों ने मोटर मार्ग बनाया गया था वह पूरा नहीं हो पा रहा है।
समिति के उपाध्यक्ष जयकृष्ण लखेड़ा ने परिवहन मंत्री यशपाल आर्य को भेजे ज्ञापन में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूडी के ड्रीम प्रोजेक्टों में शामिल धारकोट-दुधारखाल मोटर मार्ग का निर्माण छ: माह पूर्व पूरा हो गया है, उक्त मार्ग से विकासखंड जयहरीखाल एवं रिखणीखाल के हजारों की संख्या में जनता जुड़ी हुई है, लेकिन अभी तक उक्त मार्ग पर परिवहन व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने परिवहन मंत्री से उक्त मोटर मार्ग पर कोटद्वार से सतपुली होते हुए रिखणीखाल बस सेवा का शुभारंभ करवाने के लिए परिवहन विभाग को निर्देशित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीधी बस सेवा से लोगो को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में आसानी हो जायेगी और ग्रामीणों की सुविधा के लिए बने मोटर मार्ग का औचित्य भी सार्थक हो जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *