शिकार को गए युवक की मौत में साथ गए दोस्तों पर केस दर्ज

Spread the love

बागेश्वर। कांडा तहसील के भद्रकाली जंगल में शिकार को गए युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के चाचा ने साथ गए दो साथियों पर भतीजे की हत्या का आरोप लगाया है। नामजद रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को आज यानी मंगलवार को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा जायेगा। मालूम हो शनिवार रात धपोलासेरा निवासी रवींद्र, भदौरा निवासी पवन धपोला और संजय शिकार के लिए भद्रकाली के जंगल में गये थे। इस दौरान रवींद्र की छर्रे लगने से मौत हो गई थी। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने शव और बंदूक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। रविवार देर शाम मृतक रवींद्र के चाचा भगवान सिंह ने साथ में गए संजय और पवन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने कहा दोनों ने मिलकर उनके भतीजे को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस ने बताया कि भगवान सिंह की तहरीर के बाद दोनों के खिलाफ कांडा थाने में आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई खुशवंत को सौंपी गई है। बताया दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार यानी आज न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें अल्मोड़ा जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *