चार मकान मालिकों का 40 हजार का चालान काटा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिले की पुलिस किराएदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन में जुटी हुई है। बिना सत्यापन के किराए के घरों में रहने वालों पर कार्रवाई हो रही है। मकान मालिकों से जुर्माना वसूला जा रहा है। जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शहर में सत्यापन अभियान चलाते हुए चार मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने इन चार मकान मालिकों के कोर्ट के चालान किए है।
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि जिले में सभी थाना प्रभारियों को सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है। बताया कि प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान लोअर बाजार में 4 मकान मालिकों ने अपने किराएदारों का सत्यापन नहीं किया था। बताया कि किराएदारों का सत्यापन नहीं करने पर इन 4 मकान मालिकों के 40 हजार के कोर्ट के चालान किए गए। एसएसपी ने सभी लोगों से अपने-अपने किराएदारों का अनिवार्य तौर पर सत्यापन करने को कहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *