कोटद्वार-पौड़ी

नगर आयुक्त केएस नेगी ने संभाला कार्यभार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार के नव नियुक्त नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी ने गुरूवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व किशन सिंह नेगी हरिद्वार में उप मेलाधिकारी सहित पौड़ी जिले में उपजिलाधिकारी और उत्तरकाशी जिले में सेवाएं दे चुके है। पीएल शाह के बाद किशन सिंह नेगी नगर निगम के दूसरे स्थायी नगर आयुक्त हैं। हरिद्वार के लिए स्थानांतरित वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी पीएल शाह एक साल और एक महीने यहां पर रहे।
नव नियुक्त नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी ने बताया कि शहर को स्वच्छ बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। एनटीजी के मानकों के अनुसार ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। निगम वासियों को बेहतर सेवाएं मुहैया करवाने के साथ जन समस्याओं का जल्द निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। निगम के विकास में प्रगति आयेगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण को चिन्हित किया जाएगा। नगर आयुक्त ने लोगों से शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की है। जनता के सहयोग से ही शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाया जा सकता है। किसी भी कार्य को पूरा करने के लिए जनता का सहयोग बहुत जरूरी है।
बता दें कि पिछले दिनों शासन ने पीसीएस अधिकारियों के तबादले किये थे। नगर निगम कोटद्वार के नगर आयुक्त पीएल शाह को हरिद्वार एडीएम पद पर नियुक्त किया था, जबकि हरिद्वार में उप मेलाधिकारी के पद पर तैनात किशन सिंह नेगी को नगर आयुक्त कोटद्वार की जिम्मेदारी दी थी। पीएल शाह ने हरिद्वार में अपर जिलाधिकारी का कार्यभार संभाल लिया था। परन्तु नव नियुक्त नगर आयुक्त ने कार्यभार नहीं संभाला था। जिस कारण नगर निगम के कार्य प्रभावित हो रहे थे। वित्तीय अधिकार नगर आयुक्त के पास होने की वजह से पेट्रोल, डीजल सहित अन्य बिल देने व कर्मचारियों का वेतन नहीं निकल पा रहा था, लेकिन अब नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी के कार्यभार संभाल लेने से निगम के कार्य फिर से पूर्व की भांति सुचारू हो जायेगें। निगम के बिलों का भुगतान और कर्मचारियों को वेतन समय से मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!