सैकड़ों रैली और सड़क किनारे भंडारा वितरण के चलते शहर की सड़कें जाम

Spread the love

हल्द्वानी। सोमवार की सुबह से लेकर दोपहर बाद तक शहर की सड़कों पर लगे जाम से राहगीरों को जूझना पड़ा। हर पांच से दस मिनट पर निकलने वाली वाहन शोभायात्री और सड़क किनारा भंडारा वितरण के चलते शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सुबह से लेकर दोपहर तक नैनीताल, बरेली और कालाढूंगी मार्ग पर वाहनों के पहिए थम-थमकर आगे बढ़े। वहीं तिकोनिया चौराहे के पास भंडारा वितरण के चलते पुलिस को एसडीएम कोर्ट के पास से कुछ देर के लिए नैनीताल हाईवे को वन-वे करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद स्थिति सामान्य दिखाई दी। 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के मौके पर शहर भर में उत्सव का माहौल दिखाई दिया। वहीं शहर की सड़कें जाम की चपेट में दिखाई दीं। शहर में सैकड़ों की तादाद में वाहन शोभायात्रा आयोजित की गईं। सुबह आठ बजे से शुरू हुई वाहन और पैदल रैलियों का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। स्थिति ऐसी थी कि हर दस-पंद्रह मिनट पर एक शोभायात्रा नैनीताल और कालाढूंगी मार्ग पर निकल रही थी। इसकी वजह से सिंधी चौराहे से लेकर रोडवेज चौराहा और कोतवाली से लेकर तिकोनिया चौराहे तक नैनीताल रोड पर जाम लगता चला गया। 15 से 20 मिनट तक जाम में फंसकर राहगीर अपने गंतव्यों तक पहुंच पाए। वहीं ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित तीन टीएसआई और 50 से ज्यादा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अलग-अलग चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभाली। इनके अलावा पुलिस थानों की फोर्स की भी ड्यूटी लगाई गई।
ट्रैफिक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए टीएसआई और यातायात कर्मचारियों को ड्यूटी पर मुस्तैद रखा गया। जरूरत पड़ने पर कुछ देर के लिए नैनीताल मार्ग को वन-वे कर ट्रैफिक को डायवर्ट कर निकाला गया। स्थित सामान्य होने के बाद वन-वे खत्म कर दिया गया था। -राकेश महरा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, हल्द्वानी(आरएनएस)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *