शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंच ने दिया ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की अव्यवस्थाओं पर नागरिक मंच ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने नगर आयुक्त को ज्ञापन देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। कहा कि शहर की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नागरिक मंच के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश नैथानी के नेतृत्व में सदस्यों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया। सदस्यों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व नगर निगम व राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। जिसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही निगम की नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। लेकिन, अतिक्रमण हटने के बाद नगर निगम ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की सुध नहीं ली। नतीजा समस्याएं जस की तस बनी हुई है। सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किग स्थल तक नहीं है। कहा कि नगर निगम में सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति भी बदहाल पड़ी हुई है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है। नगर निगम की ओर से आवारा पशुओं के संरक्षण पर भी काई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नतीजा आए दिन आवारा पशु राहिगरों को चोटिल कर रहे हैं। नागरिक मंच ने नगर निगम से ट्रेचिंग ग्राउंड को आबादी क्षेत्र से हटवाने के साथ ही क्षेत्र के पार्कों की स्थिति में सुधार की मांग उठाई। इस मौके पर हरीश चंद्र भदोला, देवव्रत काला, राजेंद्र कोटनाला, पूरण सिंह रावत, राजेंद्र जजेड़ी, राजेंद्र नेगी, गोविंद डंडरियाल, हर्षवर्धन ध्यानी, महावीर रावत आदि मौजूद रहे।