कोटद्वार में झमाझम बरसे बादल, भीषण गर्मी से राहत

Spread the love

-कई दिनों से भीषण गर्मी से परेशान थे कोटद्वार के लोग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कई दिनों से बारिश की बूंद को तरस रहे कोटद्वार पर आखिरकार बादलों ने तरस खा ही दिया। बुधवार दिन में झमाझम बरसे बादलों ने कोटद्वार की धरती को ऐसी ठंडक पहुंचाई कि लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई। लोगों ने भी जमकर बारिश का लुत्फ उठाया।
बुधवार को आम दिनों की तरह सुबह से ही चिलचिलाती धूप ने कोटद्वार में दस्तक दे दी थी। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। तभी दोपहर करीब तीन बजे अचानक आसमान में बादलों ने डेरा डालते हुए तपते सूरज को ढक लिया। इसके बाद तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ और करीब सवा तीन बजे एकाएक बादल बरसने लगे। कई दिनों से सूखी पड़ी कोटद्वार की जमीन पर बारिश की बूंदें इस तरह पड़ीं मानों किसी प्यासे को पानी मिल गया हो। हवा के साथ तेज बारिश ने माहौल में अलग ही ठंडक पैदा कर दी थी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ देर के लिए ही सही राहत मिल गई। हालांकि, अचानक पड़ी बारिश के कारण कुछ दुपहिया वाहन सवारों को भीगकर सफर करना पड़ा।

सड़कें बनी तालाब, नगर निगम की व्यवस्थाओं की खुली पोल
बुधवार को एक बार फिर कोटद्वार की सड़कें थोड़ी देर की बारिश से तालाब में तब्दील हो गईं। जिससे नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम को लेकर किए जाने वाले दावों की भी पोल खुल गई। नगर में चारों ओर सड़क पर बहते पानी के कारण पैदल चलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, दुपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का डर सताता रहा।

तहसील के पास तेज हवा के चलते टूटी पेड़ की शाखा, टला हादसा
कोटद्वार तहसील के बाहर नेशनल हाईवे के किनारे खड़े पेड़ की शाखा तेज हवा के कारण अचानक टूट गई। गनीमत रही कि जब यह हादसा हुआ, तब सड़क पर कोई वाहन नहीं दौड़ रहा था। वहीं, इस पेड़ की कुछ अन्य शाखाएं भी सड़क के ऊपर से गुजर रही हैं, जो तेज हवा के चलते टूटने की कगार पर हैं। पेड़ की शाखाओं की ठीक तरह से कटाई-छंटाई न होने के कारण यहां हादसे का डर बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *