सीएम ने चमोली घटना पर जताया दु:ख, मृतकों के परिजनों को पांच लाख और घायलों को एक लाख देगी सरकार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद में हुई दु:खद घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति एवं उनके परिवारजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपए की राहत राशि अविलंब प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जनपद में बिजली के करंट लगने से 15 लोगों के घायल एवं हताहत होने की सूचना मिली है। जिलाधिकारी चमोली को घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। बचाव दल घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। घायलों को हायर सेंटर रेफर करने के लिए हेलीकॉप्टर की सेवाएं ली जा रही है। सरकार और प्रशासन के द्वारा राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। अनुमन्य सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चमोली घटना के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश हेलीकॉप्टर से लाया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय को भी घटना की पूरी जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी चमोली ने अपर जिलाधिकारी चमोली को एक सप्ताह के अन्दर घटना की विस्तृत मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिये हैं। सभी गम्भीर घायलों को हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश लाया गया है। मुख्यमंत्री जिला प्रशासन से हर अपडेट की जानकारी ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *