दिल्ली समेत उत्तर भारत को ठिठुराएगी ठंड, कोहरा करेगा परेशान

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड से लेकर यूपी-बिहार तक समूचा उत्तर भारत शुक्रवार को भी कड़ाके के ठंड से बेहाल रहा। कई दिनों के बाद दोपहर में खिली धूप ने थोड़ी राहत दी लेकिन शाम होते ही फिर बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। वहीं, कोहरे ने भी रेल, हवाई और सड़क यातायात को बाधित रखा।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और यूपी के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान अमृतसर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक सुबह और रात के समय घना कोहरा रहेगा। इसका सीधा असर ट्रेन और हवाई यातायात के साथ सड़क पर यात्रा भी दिखाई देगा। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ में दो दिन कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अगले तीन दिन यानी 15 जनवरी तक तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कर्नाटक और लक्षद्वीप द्वीपों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। जम्मू में बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। जम्मू में रात का तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही श्रीनगर में माइनस चार डिग्री, गुलमर्ग में माइनस 3.2 डिग्री, लेह में माइनस 11.2 डिग्री, कटड़ा में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 12 जनवरी को घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 23 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *