सोमवार को दो और व्यक्तियों में हुई डेंगू की पुष्टि
देहरादून। देहरादून में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को दो और व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। यह दोनों इंदिरानगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। जिले में अब तक 14 व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें नौ अकेले इंदिरानगर क्षेत्र से हैं। जानकारी के अनुसार इंदिरानगर निवासी 17 वर्षीय एक युवक को तेज बुखार होने पर गांधी शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। युवक की स्थिति अब सामान्य है और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके अलावा इंदिरानगर की ही 53 वर्षीय एक महिला में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। महिला की स्थिति सामान्य है और वह घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रही है। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि अभी तक आए मामलों में गंभीर रूप से बीमार होने वालों की संख्या कम है।
अधिकांश मरीजों को अस्पताल में भर्ती नहीं होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बारिश के बाद कई जगह जलभराव की स्थिति हो जाती है। जिसके बाद यह लार्वा पनपते हैं, लेकिन तेज बारिश हुई तो लार्वा पानी के साथ बह जाते हैं और नष्ट हो जाते हैं। जहां-जहां भी डेंगू के मरीज मिले हैं वहां नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने फागिंग व लार्वानाशक दवा का छिड़काव किया है। साथ ही जन सामान्य से भी अनुरोध किया जा रहा है कि वह अपने घर में पानी जमा न होने दें।