हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने सोमवार को मनसा देवी हिल बाईपास मार्ग पर बारिश से हुए भूस्खलन और पहाड़ों के कटाव का जायजा लिया। साथ ही मार्ग पर आए मलबे को हटाया। पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार और शहर विधायक पर लापरवाही का आरोप लगाया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और पार्षद महावीर वशिष्ठ ने कहा कि सरकार और स्थानीय विधायक की लापरवाही के कारण हरकी पैड़ी के आसपास के बाजारों पर खतरा मंडरा रहा है। कहा कि इस समस्या से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जल्द ही मनसा देवी पहाड़ों का तकनीकी निरीक्षण कर ट्रीटमेंट कराया जाए। साथ ही जोगिया मंडी, काशीपुरा और ब्रह्मपुरी क्षेत्र के लोगों की आजीविका को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।