जिसकी जितनी आबादी, उसे सत्ता में मिले उतनी हिस्सेदारी, कांग्रेस ने की जातिगत गणना की पैरवी

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि जिसकी जितनी आबादी है, सत्ता में उसे उतनी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए, इसलिए देश में जाति आधारित गणना करना जरुरी है। श्री गांधी ने ट्वीट किया कि बिहार की जातिगत जनगणना से पता चला है कि वहां ओबीसी, एससी, एसटी की आबादी 84 प्रतिशत है। केंद्र सरकार के 90 सचिवों में सिर्फ़ 3 ओबीसी हैं, जो भारत का मात्र 05 प्रतिशत बजट संभालते हैं। इसलिए भारत के जातिगत आंकड़े जानना ज़रुरी है। जितनी आबादी, उतना हक़- ये हमारा प्रण है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बिहार में जाति गणना की जाने का स्वागत किया और कहा कि बिहार सरकार ने अभी राज्य में कराए गए जाति आधारित सर्वे के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस पहल का स्वागत करते हुए और कांग्रेस सरकारों द्वारा कर्नाटक जैसे अन्य राज्यों में इसी तरह के पहले के सर्वेक्षणों को याद करते हुए, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपनी मांग दोहराती है कि केंद्र सरकार जल्द से जल्द राष्ट्रीय जाति जनगणना कराए। उन्होंने कहा कि संप्रग-2 सरकार ने, वास्तव में इस जनगणना के कार्य को पूरा कर लिया था, लेकिन नतीजे मोदी सरकार ने जारी नहीं किए। सामाजिक सशक्तिकरण कार्यक्रमों को मजबूती प्रदान करने और सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह से जनगणना कराना आवश्यक हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *