जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मेरा वोट-मेरा अधिकार अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी मतदान सूची से मतदाओं के नाम काटे जाने की समीक्षा कर रही है। जिसके तहत कुछ लोगों के नाम काटे जाने की पुष्टि हुई है। पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में मतदाता वोट करते हुए आ रहे हैं। लेकिन, इस बार नगर निगम की सूची से उनका नाम काट दिया गया।
जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में मालवीय उद्यान स्थित कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। सदस्यों ने कहा कि नगर निगम में कई लोगों के मतदान सूची से नाम काट दिया गया था। कहा कि मेरा वोट-मेरा अधिकार अभियान के तहत अभी तक चार सौ मतदाताओं के नाम काटे जाने के साक्ष्य जुटा लिए गए है। कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए है। वे लोग अभी भी अपने वार्डों के निवास स्थानों में रह रहे है। लेकिन, नगर निगम चुनाव में मतदाता सूची से उनके नामों को काट दिया गया था, जिससे वे लोग मतदान करने से वंचित रह गए थे। कहा कि नगर निगम चुनाव में लगभग दस हजार मतदाताओं के नामों को मतदाता सूची से काटा गया है। जिनकी जांच के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे है। कहा कि नगर निगम में व्यापक स्तर पर नाम काटने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की खिलाफ कड़ी कार्यवाही करवाई जाएगी। इस मौके पर पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत, बलबीर सिंह रावत, रमेश चंद्र खंतवाल, दलीप रावत, गोपाल गुसांई, शीला भारती, बिमलेश नेगी, लक्ष्मी चौहान, नरेंद्र सिंह नेगी, मनोज बिष्ट, शैलेंद्र सिंह रावत, चंद्रमोहन रावत, कृपाल सिंह नेगी, प्रदीप नेगी, योगेंद्र सिंह चौहान, गबर सिंह मौजूद रहे।