कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को किया याद
कार्यकर्ताओं ने पुण्य तिथि पर पूर्व प्रधानमंत्री को दी श्रद्धांजलि
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश हित में राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कहा कि देश की उन्नति के लिए दिया गया राजीव गांधी का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
व्यापार मंडल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उनकी आधुनिक सोच और दूरदर्शिता से देश को एक नई दिशा मिली। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने विज्ञान और टेक्नोलोजी के लिए सरकारी बजट को बढ़ाया। देश की दो बड़ी संचार कंपनी एमटीएनएल और बीएसएनएल की शुरूआत सहित ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के उद्देश्य से जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना भी उन्हीं के कार्यकाल में हुई। मौके पर कार्यकर्ताओं ने उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि देने वालों में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय रावत, जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रश्मि पटवाल, अंकुश घिल्डियाल, हेमचंद पंवार, सुनीता बिष्ट, विजय माहेश्वरी, आशुतोष वर्मा, ओमप्रकाश कोटला, जनक भाटिया और राकेश आर्य आदि शामिल थे।