भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में सात जनपदों में रहेंगे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

Spread the love

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी द्वारा 9 अगस्त क्रांति दिवस से 15 अगस्त तक भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का पूरे जोश के साथ आगाज किया जाएगा। हर जनपद में 75 किलोमीटर की पैदल यात्रा का आयोजन होगा जिसमें कांग्रेस पार्टी के गौरवशाली इतिहास को आम जनता के बीच रखा जाएगा। इस यात्रा में प्रदेश के 7 जनपदों में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा शामिल होंगे। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि तिरंगा यात्रा में उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा द्वारा राज्य के विभिन्न जनपदों में भागीदारी की जाएगी। वह कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए जनता से भी रूबरू होंगे। नेगी ने बताया पार्टी प्रदेश अध्यक्ष 9 अगस्त को जनपद मुख्यालय से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे जिसमें जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग सहित सुमेरपुर, मरोडा, घोलतीर, नगरासू से होते हुए जनपद चमोली के गौचर, कर्णप्रयाग में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष रात्रि विश्राम बागेश्वर में करेंगे। 10 अगस्त को माहरा बागेश्वर में तिरंगा यात्रा में शामिल होकर रात्रि विश्राम अल्मोड़ा में करेंगे। 11 अगस्त को वह अल्मोड़ा में आयोजित तिरंगा यात्रा में भाग लेकर रात्रि विश्राम के लिए हल्द्वानी जनपद नैनीताल जिले में पहुंच जाएंगे। 12 अगस्त को उधम सिंह नगर के जसपुर में तिरंगा यात्रा में होते हुए रात्रि प्रवास के लिए रुद्रपुर पहुंचेंगे। 13 अगस्त को प्रदेश अध्यक्ष उधम सिंह नगर में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे जबकि रात को हरिद्वार पहुंचेंगे। 14 अगस्त को हरिद्वार जनपद में तिरंगा यात्रा में शामिल होने के बाद रात्रि विश्राम को देहरादून जनपद में पहुंचेंगे। 15 अगस्त को देहरादून प्रदेश मुख्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ ही कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। इसी दिन प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भव्य समारोह के साथ भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का समापन भी किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा के दौरे से पार्टी कार्यकर्ता व नेताओं में उत्साह का माहौल है। सभी आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *