-कांग्रेस पर्यवेक्षक टटोल रहे दावेदारों की नब्ज
रुद्रप्रयाग। कांग्रेस पार्टी में चुनाव लड़ने के इच्टुक दावेदारों को एकजुट कर पार्टी समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में माहौल कैसे बनाया जाए इसके लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक तिलकराज शर्मा रुद्रप्रयाग जिले के भ्रमण पर हैं। हिमाचल प्रदेश के पूर्व विधायक एवं रुद्रप्रयाग कांग्रेस पर्यवेक्षक तिलकराज शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में कार्य करें। रुद्रप्रयाग में पार्टी के जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से बैठक की। साथ ही हर कार्यकर्ता और दावेदार की नब्ज टटोली। हालांकि किसी भी पार्टी में टिकट एक ही व्यक्ति को दिया जाना है इसलिए पार्टी द्वारा टिकट फाइनल होने से पूर्व सभी दावेदारों को एकजुट करते हुए पार्टी हित में कार्य करने का मंत्र दे रहे हैं। तिलकराज शर्मा ने सभी दावेदारों से गहन वार्ता भी शुरू कर दी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी कहा कि यह समय कांग्रेस की परीक्षा का समय है। जनता के बीच कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना है इसलिए जिस भी व्यक्ति को टिकट मिलता है उसके पक्ष में माहौल बनाएं। किसी भी तरह के अर्न्तकलह से बचें। ऐसा न हो कि छोटी सी भूल हमें परेशानी खड़ी कर दे। इस बीच पर्यवेक्षक के तौर पर वह कई क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। प्रतिदिन कार्यकर्ताओं से मुलाकात और फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले में दोनों सीटों पर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना है। हम इसे अवसर में बदलकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बना सकेंगे। इस मौके पर केदारनाथ विधायक मनोज रावत, जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट, पूर्व जिपंअ लक्ष्मी राणा, पूर्व कैबिनेट मंत्री मातबर सिंह कंडारी, ब्लक प्रमुख प्रदीप थलपलियाल, नपा अध्यक्ष गीता झिंक्वाण, वीरेंद्र बुटोला, अंकुर रौथाण, बंटी जगवाण, लक्ष्मण रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।