कांग्रेसियों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला

Spread the love

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे महिला अपराध पर जताया रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हरिद्वार में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या और प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन करते हुए महिला व बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी। कहा कि देवभूमि में बेटी व महिलाओं पर अत्याचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोमवार को महानगर अध्यक्ष सुधा असवाल के नेतृत्व में महिला कार्यकर्तार्ओं ने तहसील चौक में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व में भी भाजपा नेता के पुत्र द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद अब एक और भाजपा नेता के एक बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्याकांड में शामिल होने से भाजपा के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारे की कलई खुल गई है। वर्तमान में उत्तराखंड महिला अपराधों में पहले पायदान पर पहुंच गया है। कहा कि भाजपा के राज में बेटियां सुरक्षित नहीं है। चेतावनी दी गई कि यदि महिला व बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन को मजबूर होगी। प्रदर्शन करने वालों में महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत, प्रदेश सचिव नीलम रावत, जिला उपाध्यक्ष सुधा शर्मा, पूर्व प्रदेश सचिव विमलेश नेगी, दमयंती देवी, शांति देवी, तारा देवी, प्रमिला देवी और प्रिया आदि महिलाएं शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *