विकासनगर। हाईवे से ई-रिक्शा वाहनों को हटाने के प्रकरण को लेकर कांग्रेस ई-रिक्शा चालकों के पक्ष में उतर आई है। बुधवार को कांग्रेसियों ने ई रिक्शा चालकों के साथ कोतवाली का घेराव कर शहर कोतवाल से मुख्य मार्गों समेत बाईपास पर ई रिक्शा संचालन की अनुमति देने की मांग उठाई। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे ई रिक्शा चालकों ने शहर कोतवाल के सामने अपनी समस्याओं को रखा। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि हरबर्टपुर, विकासनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ई रिक्शा का संचालन नहीं होने दिया जा रहा है। इससे ई-रिक्शा वाहनों को सवारियां नहीं मिल रही हैं। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को हरबर्टपुर या विकासनगर बाजार में ही काम होता है। इसके साथ ही तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय समेत अन्य सरकारी दफ्तरों में जाने के लिए भी दोनों बाजारों से होकर गुजरना पड़ता है। ई रिक्शा को राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बाजारों से गुजरने की अनुमति नहीं होने से कोई भी सवारी ई रिक्शा में नहीं बैठ रही है। इससे संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने के नाम पर मेहनतकश लोगों को ही पेरशान किया जा रहा है। कहा कि ई रिक्शा को एनएच समेत बाईपास और अन्य सभी संपर्क मार्गों पर चलने की अनुमति दी जानी चाहिए।