महंगाई पर कांग्रेस का हल्ला बोल, राहुल की सदस्यता खत्म होने पर भी जताया रोष
जिला कांग्रेस कमेटी ने झंडाचौक में फूंका केंद्र सरकार का पुतला
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : देश में लगातार बढ़ती महंगाई के साथ ही कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता समाप्त किए जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। कहा कि सत्ता में बैठी मोदी सरकार जनता का शोषण कर रही है।
नगर अध्यक्ष संजय मित्तल व युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता झंडाचौक में एकत्रित हुए। जहां उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने केंद्र पर विपक्ष की आवाज को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लगातार देश के ज्वलंत मुद्दों को लोकसभा में उठाया जा रहा था, लेकिन साजिश के तहत उनकी लोकसभा की सदस्यता समाप्त करवा दी गई है। ये एक सोची समझी साजिश के तहत किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र पर महंगाई पर अंकुश न लगाए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आटा, दाल, सब्जी, तेल, घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे है। कहा कि चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महंगाई पर अंकुश लगाने का वादा देश की जनता से किया था, लेकिन केंद्र सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से विफल साबित रही। आज जनता इस महंगाई से बेहाल है। कार्यकर्ताओं ने केंद्र से महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस मौके पर छात्रसंघ अध्यक्ष अंकुश घिल्डियाल, महिला महानगर अध्यक्ष सुधा असवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महावीर सिंह रावत, रमेश चंद्र खंतवाल, हेमचंद्र पंवार, सुनील दत्त सेमवाल, जनक भाटिया, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रवीन रावत, बृजमोहन सिंह नेगी, गुड्डी देवी, कविता भारती, गोपाल गुंसाई, कृपाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।