देश-विदेश

सख्त लॉकडाउन में ढील के बाद चीन में कोरोना विस्फोट, शंघाई में जल्द सवा करोड़ लोग हो सकते हैं संक्रमित

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

शंघाई, एजेंसी। चीन की सरकार कोरोना संक्रमण से जुड़ी कड़वी सच्चाई पर पर्दा डालने की लाख कोशिश कर रही हो लेकिन बुरे हालात तमाम जगह से अपना विद्रुप चेहरा दिखा रहे हैं। सबसे बड़े शहर शंघाई के एक बड़े अस्पताल ने स्टाफ को सबसे बुरे दिनों के लिए तैयार रहने के लिए कहा है। ये सबसे बुरे दिन ज्यादा दूर नहीं हैं।
समाचार एजेंसी के मुताबिक, अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि अगले सप्ताह के अंत तक ढाई करोड़ से ज्यादा आबादी वाले शहर के आधे लोग (1़25 करोड़) कोरोना वायरस से संक्रमित हो जाएंगे। राजधानी बीजिंग के बाद शंघाई के कोविड से बुरी तरह से प्रभावित होने की खबर सामने आई है। चीन में सड़कों पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने इसी महीने जीरो कोविड पालिसी में ढील दी थी। इसके बाद देश में कोरोना विस्फोट की स्थिति पैदा हो गई है।
140 करोड़ आबादी वाले देश में कुछ हफ्तों में 80 करोड़ लोगों के संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। मरने वालों की संख्या दस लाख के पार जाने की आशंका है। मौजूदा समय में मरीजों से अस्पताल भरे हुए हैं और अंत्येष्टि स्थलों पर शव लिए रिश्तेदारों की लंबी लाइनें हैं। हालात काबू करने में सरकारी तंत्र असहाय है। लेकिन सरकार सच्चाई पर पर्दा डालने से बाज नहीं आ रही है।
सरकारी आंकड़ों में चीन में बीते तीन दिनों में कोविड से किसी की मौत नहीं हुई है। सरकारी आंकड़ों में 2019 से अभी तक मरने वालों की संख्या महज 5,241 है। शंघाई के डेजी अस्पताल ने बुधवार को अपने आधिकारिक वीचौट अकाउंट में बताया कि शहर में इस समय 54 लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित हैं, महीने के अंत तक यह संख्या बढ़कर 1़25 करोड़ तक जा सकती है।
क्रिसमस, नववर्ष और चांद्रिक नववर्ष के आयोजनों में भीड़भाड़ से संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। डेजी अस्पताल शंघाई का बड़ा निजी अस्पताल है और उसमें 400 लोग कार्य करते हैं। अस्पताल के अकाउंट में लिखा था- हम मुश्किल लड़ाई में फंस गए हैं। उपनगरों समेत पूरा शंघाई संक्रमित हो सकता है। अस्पताल के कर्मचारी और उनके परिवार भी कोरोना से संक्रमित होंगे। हमारे पास कोई विकल्प नहीं है, कोरोना संक्रमण से हम बच नहीं सकते। गुरुवार दोपहर को यह पोस्ट वीचौट से हटा दी गई है।
शंघाई में संक्रमण से बचाव के लिए इसी वर्ष लगातार दो महीने का लाकडाउन था जिसमें एक जून को ढील दी गई थी। गुरुवार को शंघाई के बड़े इलाके में सन्नाटा छाया हुआ था। सड़कों से गुजर रही एंबुलेंस के हार्न की आवाज ही इस सन्नाटे को तोड़ रही थी। बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने के कारण ज्यादातर बाजार, संस्थान और कारखाने बंद हैं। शहर के एक सुपरमार्केट के सभी कर्मचारी बीमार हैं, इसलिए उसे मजबूरी में बंदी का बोर्ड लगाना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!