निगम का जुगाड़ हुआ गायब, खुले चैंबर में हादसों का अंदेशा

Spread the love

नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत गाड़ीघाट तिराहे के समीप सड़क पर बनी है समस्या
आए दिन हो रहे हादसों के बाद भी नगर निगम चैंबर मरम्मत की नहीं ले रहा सुध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत गाड़ीघाट तिराके के समीप बीच सड़क पर खुला चैंबर हादसों को न्यौता दे रहा है। हालत यह है कि दस दिन पूर्व लोहे का चैंबर चोरी होने के बाद निगम ने इस स्थान पर कूड़े की ट्रॉली लगाई थी। लेकिन, सोमवार रात यह ट्रॉली भी गायब हो गई।
नगर निगम ने कुछ माह पूर्व गाड़ीघाट क्षेत्र में क्षतिग्रस्त चैंबरों की मरम्मत करते हुए लोहे के चैंबर लगाए थे। लेकिन, करीब दस दिन पूर्व असामाजिक तत्व गाड़ीघाट तिराहे के समीप बीच सड़क पर बने लोहे के चैंबर को निकालकर ले गए। नतीजा खुले चैंबर में आए दिन दुर्घटनाएं होने लगी। लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम ने उक्त चैंबर की मरम्मत करने के बजाय उसपर कूड़े की ट्रॉली रख दी। गाड़ीघाट निवासी शिवम सिंह ने बताया कि सोमवार रात कूड़े की ट्रॉली भी गायब हो गई। ऐसे में दोपहिया वाहनों के साथ ही राह चलते लोगों को दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। कहा कि रात के समय सड़क पर अंधेरा छा जाता है। जिससे बीच सड़क पर खुला चैंबर दिखाई नहीं देता। स्थिति देखकर लगता है कि नगर निगम को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। लोगों की शिकायत के बाद भी नगर निगम समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। जिससे क्षेत्रवासियों में रोष बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *