पार्षदों ने किया नगर आयुक्त का घेराव

Spread the love

वार्ड नंबर दो व 38 में कार्य के लिए निकाली गई निविदाओं को निरस्त करने की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: पार्षदों ने वार्ड नंबर दो व वार्ड नंबर 38 में निर्माण कार्याें के लिए निकाली गई निविदाओं को निरस्त करने की मांग की है। पार्षदों ने नगर आयुक्त का घेराव करते हुए जल्द निविदा निरस्त नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि नगर निगम की ओर से पार्षदों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
शनिवार को पार्षदों ने नगर निगम में पहुंचकर नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी का घेराव किया। पार्षदों ने बताया कि नगर निगम वार्डाें के साथ भेदभाव कर रहा है। हालत यह है कि किसी वार्ड में लगातार विकास कार्यो के लिए धन आवंटित किया जा रहा है। जबकि, अधिकांश वार्डों को नजर अंदाज किया जा रहा है। कहा कि नगर निगम की ओर से वार्डों में कार्य कराने के लिए जो टेंडर निकाले जा रहे हैं, उनमें भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। सभी वार्डों में एक समान कार्य करवाया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इसलिए इन निविदाओं को निरस्त किया जाना चाहिए। इस मौके पर पार्षद सोनिया नेगी, पिंकी रावत, सौरभ नौडियाल, रोहिणी देवी, मनीष भट्ट, नीरूबाला खंतवाल, गायत्री भट्ट, जयदीप नौटियाल, लीला देवी, कुलदीप सिंह रावत, सुभाष पांडेय, रितु चमोली और कमल सिंह नेगी आदि पार्षद शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *