बदहाल सड़कों पर टूट रही कमर, सिस्टम ने फेरा मुंह
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत जगह-जगह सड़क पर बने हैं गड्ढे
शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम नहीं ले रहा मरम्मत की सुध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सड़कों पर बने गड्ढे बरसात में आमजन की कमर तोड़ रहे हैं। दरअसल, बारिश होने पर गड्ढे पूरी तरह पानी से भर जाते हैं। जिससे वाहन चालक घायल हो रहे हैं। कई स्थानों पर गड्ढों के बीच सड़क खोजना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी सरकारी सिस्टम सड़क मरम्मत की सुध नहीं ले रहा।
कोटद्वार नगर निगम बनने के बाद जनता को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, नगर निगम तो क्षेत्र में बदहाल सड़कों की भी मरम्मत नहीं करा पा रहा है। नतीजा, बदहाल सड़कें वाहन चालकों की कमर तोड़ रही हैं। निगम की सड़क हो अथवा शहर के बीच से गुजर रहा राष्ट्रीय राजमार्ग जगह-जगह बने गड्ढे आमजन के लिए मुसीबत बन गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग तहसील तिराहे के समीप बीच सड़क पर बना गड्ढा हादसों को न्यौता दे रहा है। यही हालत नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत मालगोदाम रोड से कुंभीचौड़, गाड़ीघाट से काशीरामपुर तल्ला, मोटाढांक रोड, महाविद्यालय रोड सहित अन्य स्थानों की बनी हुई है। सड़कों पर बने गड्ढे कब किसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता। भाबर निवासी श्याम सिंह, राजेंद्र कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र के वार्डों की सड़कें भी बदहाल हैं। शिकायत के बाद भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं जा रहे हैं। इससे लगता है कि कोटद्वार नगर निगम केवल नाम का ही रह गया है। बरसात में खतरा शहर की सड़कों पर बने गड्ढों से बरसात के समय सबसे अधिक खतरा बना हुआ है। वर्षा होने से गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे रात के समय गड्ढों का अंदाजा नहीं हो पाता। वाहन चालक गड्ढे की चपेट में आने से चोटिल हो रहे हैं। दो दिन पूर्व तहसील के समीप सड़क पर बने गड्ढे की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक घायल हो गया था।
सड़क पर टूटे हैं चैंबर
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत गाड़ीघाट तिराहे से कुंभीचौड़ को जाने वाली मार्ग पर जगह-जगह बीच सड़क पर चैंबर टूटे हुए हैं। ऐसे में राहगिरों को हर समय हादसों का अंदेशा बना हुआ है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि नगर निगम ने एक माह पूर्व ही इन सभी चैंबरों की मरम्मत करवाई थी। लेकिन, निगम का यह मरम्मत का कार्य अधिक दिन तक नहीं टिक पाया।
निगम क्षेत्र के अंतर्गत बदहाल सड़कों को चिह्नित किया जा रहा है। बरसात खत्म होते ही सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। ..किशन सिंह नेगी, नगर आयुक्त, नगर निगम कोटद्वार