मालन नदी पर बनें वैकल्पिक पुल की बदहाल स्थिति पर उक्रांद नाराज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल ने मालन नदी पर ह्यूम पाइपों से बनाए गए वैकल्पिक पुल की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि दस दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो मोटाढांक में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष भारत मोहन काला के नेतृत्व में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि स्थायी पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद तल्ला मोटाढांक-बेलगिरी आश्रम-हल्दूखाता मार्ग पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से ह्यूम पाइपों के माध्यम से वैकल्पिक पुल बनाया गया था, जिससे क्षेत्र के लोगों की आवाजाही सुचारु हो सकी। उक्रांद का आरोप है कि पुल के आसपास अवैध रूप से रेत और बजरी निकाले जाने के कारण उसकी नींव प्रभावित हुई है और पुल अब जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। यदि समय रहते सुरक्षा कार्य और मरम्मत नहीं कराई गई तो पुल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ सकता है, जिससे क्षेत्र की आवाजाही फिर प्रभावित होगी। पार्टी ने प्रशासन से पुल के आसपास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने, खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और पुल की मजबूती के लिए तत्काल आवश्यक कार्य शुरू करने की मांग की। इस दौरान महेंद्र सिंह रावत, रवींद्र सैंद, उम्मेद सिंह भंडारी, अशोक कंडारी, हरीश द्विवेदी, हरेंद्र सिंह भंडारी, कृपाल सिंह गुसाईं, वृजेश चतुर्वेदी, कुलदीप तोमर और नरेश धस्माना सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *