नई टिहरी। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को सुढ्ढ़ बनाए रखने के लिए जिलेभर में सघन सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 12 थाना क्षेत्रों में 547 किराएदारों और मजदूरों का सत्यापन किया। सत्यापन के लिए निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले 108 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि जिले के सभी 12 थाना प्रभारियों को सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी भवन स्वामियों से अपने किराएदारों और श्रमिकों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है। एसएसपी ने बताया कि कैंपटी पुलिस थाना पुलिस ने 35 सत्यापन कर सात का पुलिस एक्ट में चालान किया है। छाम थाने में 14 सत्यापन दो चालान, चंबा थाने में 67 सत्यापन 21 चालान, थत्यूड़ सात चालान, लंबगांव थाने में 24 सत्यापन तीन चालान, कीर्तिनगर में 27 सत्यापन 11 चालान, घनसाली में 40 सत्यापन पांच चालान, हिंडोला खाल थाने में 10 सत्यापन चार चालान, नरेंद्रनगर थाने में 34 सत्यापन तीन चालान, नई टिहरी कोतवाली में 59 सत्यापन सात चालान, मुनि की रेती थाने में 182 सत्यापन 35 चालान और देवप्रयाग पुलिस थाना क्षेत्र में 48 सत्यापन और 10 के पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई। एसएसपी ने बताया कि पुलिए एक्ट में 42 नकद चालान से 14 हजार 750 रुपये शुल्क वसूला गया। जबकि कोर्ट के 6.60 लाख रुपये के 66 चालान कोर्ट को प्रेषित किए गए।