नैनबाग (टिहरी)। यमुना नदी तट पर प्रस्तावित 300 मेगावाट लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित काश्तकारों की बैठक जूडडो में जौनपुर जौनसार संघर्ष समिति के अध्यक्ष महिपाल सिंह सजवाण की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में परियोजना प्रभावितों को जल्द मुआवजा भुगतान करने, स्थानीय युवाओं को वरियता के आधार पर रोजगार देने और पूर्व में कंपनी की ओर से दर्ज कराए मुकदमें बिना शर्त वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में अनुदान राशि, कृषि मजदूरी की दरों में बढ़ोतरी, नई दरों का निर्धारण और पट्टाधारकों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की गई।
जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने कहा कि विकास परियोजना का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचना चाहिए। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रोजगार और मुआवजे से जुड़े मामलों का समाधान आपसी सहमति से किया जाना चाहिए। बैठक में समिति के सचिव राकेश राणा, प्रेम सिंह रावत, जगमोहन सिंह चौहान, स्वराज तोमर, सुरेश रावत, महेंद्र सिंह पुंडीर, आनंद रावत, प्रदीप रावत, शैलेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।