चाकू से युवक पर हमला करने वाले गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : काशीरामपुर तल्ला स्थित मेले में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाईयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से हमले में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद किया है। हमले के बाद से आरोपित युवक के स्वजनों को भी लगातार धमकी दे रहे थे।
मामले में काशीरामपुर निवासी इंदु की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। बताया कि दो अगस्त को उनका बेटा राहुल घर के समीप लगे मेले में घूमने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान लकड़ीपड़ाव निवासी मयंक व प्रवीण के साथ उसकी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया कि कुछ देर बाद मयंक व प्रवीण मेले में चाकू लेकर पहुंचे और उनके बेटे पर हमला करने लगे। सूचना के बाद उनका छोटा बेटा वहां पहुंचा और राहुल को बचाते हुए उसे अस्पताल लेकर पहुंचाया। बताया कि आरोपितों ने उनके बेटे के माथा, गर्दन, आंख के समीप व सिर पर चाकू से हमला किया है। गंभीर रूप से घायल उनके बेटे का अब भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। बताया कि मंगलवार सुबह आरोपित मयंक व प्रवीण को लकड़ीपड़ाव क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *