जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : नजीबाबाद से कोटद्वार रेलखंड पर रेल ट्रैक के किनारे रोड़ी डालने के लिए लिए गए ब्लॉक का असर पैसेंजर ट्रेनों के संचालन पर पड़ा। इस दौरान दो पैसेंजर ट्रेनें विलंब से संचालित हुईं। हालांकि, दिल्ली से आने वाली श्री सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर कोटद्वार पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह 11:35 बजे नजीबाबाद से कोटद्वार के लिए रवाना होने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब 35 मिनट की देरी से दोपहर 12:10 बजे चली। इसके बाद ट्रेन लगभग 12:50 बजे कोटद्वार पहुंची। सामान्यत: इंजन बदलकर इसे वापस नजीबाबाद के लिए रवाना किया जाता है, लेकिन सिंगल रेल लाइन होने और जनशताब्दी एक्सप्रेस के निर्धारित संचालन के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। दोपहर 12:45 बजे नजीबाबाद से श्री सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस को कोटद्वार के लिए रवाना किया जाना था। ऐसे में कोटद्वार से लौटने वाली पैसेंजर ट्रेन को सनेह रोड स्टेशन पर रोक दिया गया, ताकि जनशताब्दी एक्सप्रेस बिना किसी बाधा के अपने तय समय पर कोटद्वार पहुंच सके। जनशताब्दी एक्सप्रेस समय पर कोटद्वार पहुंची, जबकि कोटद्वार से नजीबाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन लगभग 40 मिनट की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची।