जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण कुमार भट्ट ने देश के प्रख्यात विधिवेत्ता एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े बैरिस्टर मुकुंदीलाल की प्रतिमा को न्यायालय परिसर में स्थापित किए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इससे महान विभूति को उचित सम्मान मिलने के साथ ही नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
अरुण कुमार भट्ट ने कहा कि बैरिस्टर मुकुंदीलाल की प्रतिमा पिछले कई वर्षों से नगर निगम के प्रेक्षागृह के भूतल में उपेक्षित अवस्था में रखी हुई है। इसके चलते उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर भी उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि बैरिस्टर मुकुंदीलाल तत्कालीन टिहरी रियासत में न्यायाधीश के पद पर रहे थे और प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के अधिवक्ता के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा का न्यायालय परिसर में स्थापित होना न्याय पालिका और विधि जगत के लिए सम्मान की बात होगी। वरिष्ठ अधिवक्ता ने शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग से बैरिस्टर मुकुंदीलाल की प्रतिमा को शीघ्र न्यायालय परिसर में स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे आमजन, विशेषकर युवा अधिवक्ताओं और छात्रों को उनके जीवन, न्यायिक योगदान और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।