श्रीनगर गढ़वाल। चैत्र नवरात्रों के प्रथम दिन रविवार को देवी मंदिरों में भक्तों की लम्बी कतारें दिखने को मिली। भक्तों ने मंदिरों और घरों में मां शैलपुरी की पूजा-अर्चना की। नवरात्रों के पहले दिन श्रीनगर से 15 किलोमीटर दूर स्थित कलियासौड़ के समीप सिद्धपीठ धारी देवी मंदिर, नगर क्षेत्र के कंसमर्दनी, बंगलामुखी मंदिर, देवलगढ़ स्थित गौरा देवी और राजराजेश्वरी मंदिर में तड़के से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर में पुजारियों ने विधि विधान के साथ मां का पूजन व आरती कर भक्तों आशीर्वाद दिया। सिद्धपीठ धारी देवी मंदिर के पुजारी लक्ष्मी प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि धारी देवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ शुरू हो गयी थी। उन्होंने बताया कि नवरात्र के पहले दिन 6 हजार से अधिक भक्तों ने मां भगवती के दर्शन कर पूजा अर्चना की । बताया कि मंदिर में पूजा पाठ करने के लिए दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु पहुंचे। मौके पर मंदिर समिति द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया गया।इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा। वहीं दूसरी ओर घरों में भी विधि विधान कलश स्थापना कर नवरात्रि व्रत की शुरूआत की गई।