जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर 13 और 14 के मध्य स्थित स्कूल नंबर दो से आमपड़ाव से मानपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क के बीच में नाले के ऊपर बनाये गये स्लैब क्षतिग्रस्त होने से जानमाल का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा है। उन्होंने जल्द ही समस्या का निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
आमपड़ाव से मानपुर जाने वाली सड़क इन दिनों खतरनाक साबित हो रही है। यहां सड़क के बीच नाला बनाया गया है। उसके ऊपर स्लैब रखे गए हैं। यह स्लैब टूटे पड़े है। ऐसे होल की संख्या दो से अधिक है जो खतरा का सबब बने हैं। दिन में तो लोग किसी तरह बच कर निकल जाते हैं कितु रात के अंधेरे में कोई कभी भी दुर्घटना का शिकार हो सकता है और ऐसा कई बार हुआ भी है। पार्षद आशा चौहान, अनीता मल्होत्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम के जेई सात वार नाले का निरीक्षण कर चुके है, लेकिन अभी तक क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत नहीं कराई गई है। जिस कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। समस्या के बारे में कई बार महापौर और निगम के अधिकारियों को बताया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिस कारण स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुड्डू सिंह चौहान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निकाय सभासद महासंघ उत्तराखंड ने बताया कि यह मार्ग मानपुर को आमपड़ाव से जोड़ता है, इस मार्ग पर हर समय वाहनों और राहगीरों की आवाजाही लगी रहती है। लेकिन मार्ग के स्लैब जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से वहां से होकर गुजरने वाले लोगों को हमेशा हादसा का डर बना रहता है कि ना मालूम कोन नाले में गिर जाय। कई स्कूली बच्चे और राहगीर अब तक नाले में गिरकर चोटिल हो चुके है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर समस्या का निस्तारण न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। (फोटो संलग्न है)