खिर्सू पेयजल लाइन पर बना खतरा

श्रीनगर गढ़वाल : ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फरासू के समीप भू-कटाव होने के कारण अलकनंदा नदी किनारे बने इंटेक वेल से खिर्सू विकासखंड की पेयजल लाइन खतरे में आ गई है। हाल ही में अलकनंदा नदी के जल स्तर बढ़ने से 50 मीटर से अधिक हिस्सा अलकनंदा पर बनी झील में समा गया था, जिससे हाईवे किनारे बिछायी गयी पेयजल लाइने हवा में झूल गयी थी। हालांकि पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं हुई है, लेकिन तेजी से बढ़ता भू-कटाव भविष्य में गंभीर समस्या खड़ी कर सकती है। फरासू के पास अलकनंदा नदी पर बनी झील की ओर राजमार्ग लगातार धंस रहा है। इससे जल संस्थान की पेयजल योजना की पाइप लाइन खतरे में है। पूर्व में हुए भू-कटाव से यह लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसे जल संस्थान ने दुरुस्त किया था। अब दुबारा बढ़ते भू-कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता आयुष कंडारी ने बताया कि वर्तमान में पेयजल आपूर्ति सुचारू है, लेकिन पाइपलाइन के लिए खतरा बना हुआ है। कहा कि जल्द ही पाइप लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए उच्च अधिकारियों द्वारा मौके पर निरीक्षण किया जाएगा। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *