सरकारी आवास में नेवी जवान, पत्नी और 2 बच्चों के शव बरामद, इलाके में मचा हड़कंप; मौत की गुत्थी उलझी

Spread the love

मुंबई ,मुंबई के कफ परेड इलाके के नेवी नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से सनसनी फैल गई। भारतीय नौसेना के 30 वर्षीय नाविक पुरनमल शंभूलाल मेहरा, उनकी 28 वर्षीय पत्नी ओमा और उनके दो बच्चे सरकारी आवास में मृत पाए गए। तीन साल के बेटे यश और दो महीने की बेटी के शव बेड पर मिले, जबकि पुरनमल का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना 15 अगस्त की रात कफ परेड पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जे.जे. अस्पताल भेजा गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि पुरनमल ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फोरेंसिक टीम ने घर की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई संदिग्ध जहरीला पदार्थ भी बरामद नहीं हुआ। जे.जे. अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में पुरनमल की मौत फांसी के कारण दम घुटने से होने की पुष्टि हुई है। वहीं, ओमा और दोनों बच्चों की मौत को लेकर मेडिकल टीम ने केमिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट आने तक अपनी राय सुरक्षित रखी है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में परिवार के बीच पिछले कुछ समय से वैवाहिक विवाद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पुरनमल और ओमा की शादी करीब चार से पांच साल पहले हुई थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले ओमा के पिता उन्हें मुंबई से वापस घर ले जाने आए थे। उस दौरान पुरनमल ने कथित तौर पर कहा था कि ओमा जाना चाहें तो जा सकती हैं, लेकिन वह बच्चों को अपने साथ नहीं ले जा सकतीं। पुलिस अब इस विवाद और घटना से पहले के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
बताया गया कि पुरनमल के पिता ने रात में उन्हें फोन किया था। लगातार कॉल करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नौसेना के कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। इसके बाद नौसेना के अधिकारी सरकारी क्वार्टर पहुंचे, जहां परिवार के चारों सदस्य मृत मिले। अधिकारियों ने तुरंत कफ परेड पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था। पुरनमल का छोटा भाई भी भारतीय नौसेना में तैनात है और शव लेने के लिए मुंबई पहुंचा। पुलिस ने दुर्घटनावश हुई मौत का मामला (्रष्ठक्र) दर्ज कर लिया है। परिजनों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
भारतीय नौसेना ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि मामले की जांच में पुलिस और संबंधित एजेंसियों को हर संभव सहायता दी जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर परिवार के चारों सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *