किच्छा के इंदरपुर में खेत में पड़ा मिला महिला का शव

Spread the love

रुद्रपुर। ग्राम इंदरपुर में एक महिला का शव खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के ग्रामीणों से महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार महिला की उसके दुपट्टे से गला घोंटकर कर हत्या करने की आशंका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम इंदरपुर में श्मशान घाट के निकट हरिओम पुत्र रामकेतन निवासी ग्राम इंदरपुर का नगला-लालपुर मार्ग के किनारे खेत है। शुक्रवार सुबह अनूप चौहान ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने के लिए गया था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खेत में एक महिला का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाल धीरेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी कोशिशों के बाद भी शव की पहचान नहीं हो पाई। महिला फिरोजी रंग का सलवार कुर्ता व लाल चप्पल पहने थी। उसके गले में ताबीज भी है। गले में दुपट्टे का फंदा लगा हुआ था और चेहरे पर चोट के निशान थे। महिला की उम्र लगभग ३५ वर्ष बताई जा रही है। कोतवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला की दुपट्टे के फंदे से हत्या की आशंका लग रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *