कंपनी में मिला श्रमिक का शव, मचा हड़कंप

Spread the love

रुद्रपुर()। सिडकुल सेक्टर-9 स्थित एक कंपनी में शुक्रवार सुबह श्रमिक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों और सहकर्मी श्रमिकों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय श्रमिक हरिशंकर गंगवार उर्फ राजू निवासी भदईपुरा वार्ड गुरुवार रात लगभग 10 बजे नाइट शिफ्ट में ड्यूटी के लिए गए थे। परिजनों ने बताया कि सुबह तक जब वे घर नहीं लौटे तो उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बार-बार कटता रहा। इससे चिंतित होकर परिवारजन फैक्ट्री पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि गेट पर तैनात गार्ड ने उन्हें गलत जानकारी दी कि हरिशंकर सुबह छह बजे ड्यूटी समाप्त कर घर जा चुके हैं। हालांकि, कुछ देर बाद यह खुलासा हुआ कि हरिशंकर का शव फैक्ट्री परिसर के भीतर ही पड़ा मिला है। शव मिलने की सूचना पर परिजन भड़क उठे और मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने भी प्रबंधन पर घटना छुपाने का आरोप लगाया। श्रमिकों का कहना था कि समय रहते मदद मिल जाती तो शायद हरिशंकर की जान बच सकती थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *