अगले दो-तीन दिन मैदानी क्षेत्रों की बसों में यात्रियों का दबाव बढ़ने के आसार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली का पर्व मनाने के बाद अब अप्रवासियों की घर वापसी शुरू हो गई है। अपने गांव और परिवार के साथ त्योहार मनाने पहुंचे लोग अब रोजगार और कामकाज के लिए वापस लौटने लगे हैं। मंगलवार को कोटद्वार बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ सामान्य रही, लेकिन अगले दो-तीन दिन मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ सकती है।

दीपावली पर्व के चलते बड़ी संख्या में अप्रवासी अपने गांव पहुंचे थे। पर्व संपन्न होने के बाद सोमवार सुबह से ही कोटद्वार बस अड्डे पर यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पर्वतीय क्षेत्रों से जैसे-जैसे बसें बस अड्डे पर पहुंच रही थीं, वैसे ही दिल्ली और अन्य मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही थी। हालांकि, मंगलवार को यात्रियों को मैदानी क्षेत्रों की बसों के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। बसों की उपलब्धता के चलते यात्रियों को आसानी से गंतव्य के लिए रवाना होने का मौका मिला। लेकिन, पर्व मनाने के बाद वापस लौटने वाले अप्रवासियों की संख्या में आगामी दो-तीन दिनों में इजाफा होने की संभावना है। उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो के एजीएम अनुराग पुरोहित ने बताया कि यात्रियों की संख्या के अनुसार मैदानी क्षेत्रों के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सोमवार को यात्रियों की संख्या सामान्य रहने के कारण अतिरिक्त बसों का संचालन करने की जरूरत नहीं पड़ी।