नैनीताल। नैनीताल में होली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। रंगों के इस त्यौहार में आपसी सौहार्द की भी अनूठी मिसाल देखने को मिलती है। नैनीताल की मोनाल संस्था की ओर से होली के लिए विगत करीब 5 वर्षों से हर्बल रंग तैयार किए जा रहे हैं। जिसकी डिमांड नैनीताल समेत दिल्ली, मुंबई आदि शहरों से आ रही है। संस्था की अध्यक्ष नायला खान ने बताया कि उनकी संस्था होली के लिए आरारोट, फूड कलर, इत्र, चुकन्दर, गुलाब के फूल, गेंदा के फूल व पालक आदि से हर्बल रंग तैयार कर रही है, जो बिल्कुल नुकसानदेय नहीं होते हैं। इनसे त्वचा को भी किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता और अगर ये रंग मुंह में भी चले गए, तो नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। इसमें प्राकृतिक चीजों का प्रयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि नैनीताल समेत देशभर से हर्बल रंग की डिमांड उनके पास आ रही है। शहर के कई स्कूलों से उन्हें होली के लिए ऑर्गेनिक रंग के ऑर्डर मिलते हैं। दिल्ली, हरियाणा, मुंबई, पुणे, चंदीगढ़ आदि शहरों से भी इन दिनों हर्बल रंग की डिमांड मिल रही है। नायला ने बताया कि इस बार अभी तक करीब 250 कुंतल हर्बल रंग की खपत हुई है। संस्था के साथ 9 अन्य महिलाएं और लड़कियां भी जुड़ी हुई हैं।