गैस रिसाव से सिलेंडर में लगी आग, चार लोग झुलसे

Spread the love

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में आग लगने से तीन महिलाएं और एक तीन वर्षीय बालिका झुलस गई। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के चामुंडा मंदिर के पास शिवनगर स्थित वार्ड-8 में अरुण कुमार के मकान में राम आसरे पुत्र सेवक राम निवासी बीसलपुर जिला पीलीभीत अपने परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। बुधवार को गैस रिसाव के चलते सिलेंडर में आग लग गई, जो पास में जल रहे गैस चूल्हे से और भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई । शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। आग से 55 वर्षीय देवकी देवी पत्नी रामभरोसे, 21 वर्षीय संगीता पत्नी केसरी लाल, उसकी तीन वर्षीय पुत्री पारुल और 30 वर्षीय अनीता पत्नी सत्यवीर निवासी ग्राम पचपेड़ा (पीलीभीत) झुलस गईं। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से घर में रखा सामान भी जल गया। जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉ. जुनैद के अनुसार, देवकी देवी लगभग 46 प्रतिशत, अनीता देवी 20, संगीता देवी 15 और बालिका पारुल करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई है। देवकी देवी की हालत गंभीर है। ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू गैस सिलेंडर में लापरवाही या अवैध गैस रिफिलिंग से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *