पेयजल आपूर्ति बहाल की माँग को किया धरना प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि
पौड़ी। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नारदबांज पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे अदालीखाल बाजार व निकट क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बंद होने से नाराज स्थानीय लोगों ने अदालीखाल स्थित जल संस्थान कार्यालय पर शुक्रवार को धरना प्रदर्शन किया और जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। अदालीखाल में पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर ज्येष्ठ उप प्रमुख ललित पटवाल ने विभागीय अधिकारियों से बात करके जल्द समस्या का समाधान करने के लिए कहा। जल संस्थान के सहायक अभियंता संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि भारी बारिश के साथ ही चीड़ का एक भारी पेड़ पाइप लाइन के ऊपर गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पठारी स्थान पर पाइप टूटकर काफी नीचे गिर गया। विभागीय कर्मचारियों द्वारा मौके पर जाकर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की सूचना दी गई। विभाग के लिए अनुबंधित ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन ठीक करने के लिए काम शुरू कर लिया गया है। एक दो दिन में ही पाइप लाइन ठीक हो जाएगी। तब तक पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकर का इंतजाम किया गया है। टैंकर द्वारा अदालीखाल क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। धरना प्रदर्शन करने वालों में पृथ्वीपाल पर्णवाल, भजन सिंह, आनंद सिंह, रूद्रा उनियाल, सोहन सिंह, शिशपाल कंडारी, पद्मेंद्र असवाल, बृजराज, ओमप्रकाश ध्यानी, राकेश, देवेंद्र, सुदर्शन, सत्येंद्र सिंह, किशन, सरोज, ममता, महेश आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *