छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून। छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर डीएवी के तमाम छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने आश्वासन दिया कि 22 नवंबर को छात्रों की उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत से वार्ता करवाई जाएगी।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे डीएवी कालेज के छात्र बड़ी संख्या में कचहरी स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चुनाव कराने व आयु सीमा में दो साल की छूट देने की मांग उठाई। छात्र नेता हनी सिसोदिया ने बताया कि जब छात्र चुनाव की मांग को लेकर टावर पर चढ़े थे तो सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर आकर उन्हें आश्वासन दिया था कि 20 नवंबर को उनकी सीएम या उच्च शिक्षा मंत्री से वार्ता करवाई जाएगी, लेकिन जब शु्रक्रवार को उन्होंने इस मामले में बात की तो अधिकारी अपनी बात से मुकर गए। छात्र नेता उदित थपलियाल ने बताया कि अब सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत से वार्ता का आश्वासन मिला है। अगर इस बार वार्ता ना हुई तो छात्र कालेज बंद कराकर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान हनी सिसोदिया, उदित थपलियाल, आकिब अहमद, अंकित बिष्ट, सुमित कुमार, अभिषेक ममगाईं, शोएब अहमद, मनोज कुमार, चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *