कोटद्वार-पौड़ी

सुखरौ नदी में बरसात में हो रहे खनन को बंद करने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को किया प्रदर्शन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर 27 दुर्गापुर के लोगों ने सुखरौ नदी में नियमों के विपरीत होे रहे खनन के विरोध में तहसील में प्रदर्शन किया। साथ ही प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने सुखरौ नदी में तत्काल खनन पर रोक लगाने और मृतक के परिजनों को 5 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
गुरूवार को वार्ड नंबर 27 दुर्गापुर के लोग पार्षद कमल सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील परिसर में एकत्रित हुए। जहां लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि गत बुधवार को सुखरौ नदी में खनन कारियों द्वारा किये गये बड़े-बड़े गड्ढों में एक 14 वर्षीय बालक की डूबकर मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि खनन कारियों ने सुखरौ नदी में मशीनों से 60 से 70 मीटर गहरे गड्ढे कर दिये है। इन गड्ढों में कई मवेश डूबकर मर चुके है। वहीं गहरे गड्ढों के कारण बलभद्रपुर और खूनीबड़ का संपर्क कट गया है। जिस कारण लोगों बहुत परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को काफी समय से बताया जा रहा है कि सुखरौ नदी में मानकों के विपरीत खनन हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है। प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सुखरौ नदी में मानकों के विपरीत खनन वाले पट्टाधारकों का पट्टा निरस्त करने, खनन पर रोक लगाने, मृतक के परिजनों को पांच लाख की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने जल्द ही मांगों पर कार्यवाही न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों पार्षद कमल सिंह नेगी, रामेश्वरी देवी, लक्ष्मी देवी, धीरज जलाल, राखीदेवी, गंगोत्री देवी, राजी देवी, शकुन्तला, बसंती देवी, मंजू देवी, महेश्वरी, कमला, किरन, दीपा, देवेश्वरी, जशोदा, संजय सिंह, लक्ष्मी, राखी, अनता, बेबी, इंदू, सुनीता आदि शामिल थे।

बच्चे की मौत के लिए खनन कारियों को जिम्मेदार ठहराया
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। हिंदू युवा वाहिनी ने सुखरौ नदी में डूबने से हुई बच्चे की मौत के लिए खनन कारियों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि जिन खनन कारियों ने सुखरौ नदी में गहरे-गहरे गड्ढे खोदे है उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्यवाही की जाय। साथ ही कोटद्वार भाबर में चल रहे मानकों के विपरीत खनन पर रोक लगाने की मांग की।
हिंदू युवा वाहिनी के गढ़वाल मंडल सचिव दीपक बजरंगी ने उपजिलाधिकारी कोटद्वार को सौंपे पत्र में कहा कि सुखरौ नदी में खनन कारियों द्वारा मानकों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा है। खनन के दौरान खोदे गये गड्ढों में गत बुधवार को डूबने से एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। पूर्व में कोटद्वार भाबर की नदियों में खनन से हुये गड्ढों में डूबने से कई बच्चों की मौत हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 48 घंटे के भीतर सुखरौ नदी में गहरे-गहरे गड्ढे खोदने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी न होने और कोटद्वार भाबर में चल रहे मानकों के विपरीत खनन पर रोक न लगने पर संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!