हरिद्वार। मनसा देवी सीढ़ी मार्ग पर रविवार को दर्दनाक हादसे के बावजूद सोमवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर माता के जयकारों से गुंजायमान हो गया। इससे साफ हो गया कि भक्तों की आस्था हादसों से कमजोर नहीं होती। मनसा देवी में हादसा होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आने के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन सोमवार को मनसा देवी मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ देखकर सभी आश्चर्यचकित थे। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दोपहर तक यह संख्या हजारों में पहुंच गई। मंदिर परिसर में मनसा देवी की प्रात:कालीन आरती के समय से ही सीढ़ी मार्ग हो या दूसरा पैदल मार्ग हर तरफ से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आती दिखी।