दिल्ली में कांग्रेस की महारैली, उत्तराखंड से पहुंचे 25 हजार कार्यकर्ता

देहरादून। दिल्ली में 1 नवंबर को कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित होने जा रही ह्यवोट बचाओ, देश बचाओह्ण महारैली को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने महारैली में उत्तराखंड से करीब 25 हजार कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने का दावा किया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने महारैली को परिवर्तनकारी बताते हुए कहा कि दिल्ली में होने वाला यह शक्ति प्रदर्शन देश की राजनीति में बड़ा बदलाव लाने का काम करेगा।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, महारैली में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। पार्टी का दावा है कि महारैली को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस इसे लोकतंत्र, मताधिकार और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक अभियान के रूप में पेश कर रही है।
राहुल गांधी की ललकार और खड़गे की हुंकार सुनने को बेताब है देश : हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने जा रही कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की महारैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि लाखों भारतवासी इस रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचना चाहते हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ललकार और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हुंकार सुनने के लिए पूरा देश बेताब है।
हरीश रावत ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी नेता एक मंच से लोकतंत्र और देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि महारैली का प्रभाव केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका असर पूरे देश की राजनीति पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में देश का लोकतंत्र और नागरिकों के वोट देने का अधिकार खतरे में है। नौकरी पाने का अधिकार और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अधिकार भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता महारैली में संकल्प लेंगे।
उत्तराखंड से 25 हजार लोगों के शामिल होने का दावा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि दिल्ली में होने वाली महारैली में उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से करीब 25 हजार लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच महारैली को लेकर उत्साह का माहौल है और राहुल गांधी के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। गणेश गोदियाल ने कहा कि महारैली को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है और आम जनता भी पार्टी के अभियान से जुड़ रही है।
भाजपा सरकार पर जनहितों की अनदेखी का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीठी-मीठी बातें और मन की बात के माध्यम से लोगों को वास्तविक मुद्दों से भटकाया जा रहा है।
गोदियाल ने कहा कि सरकार आम जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। कांग्रेस लोकतंत्र की मजबूती, जनता के अधिकारों की सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर उत्तराखंड सहित देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। गणेश गोदियाल ने विश्वास जताया कि महारैली सफल होगी और देश की राजनीति में एक नई दिशा तय करने का काम करेगी।
लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा बनेगा महारैली का प्रमुख मुद्दा
कांग्रेस की ह्यवोट बचाओ, देश बचाओह्ण महारैली को पार्टी लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जोड़कर देख रही है। उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि देश के नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस तरह के जनआंदोलन जरूरी हैं।
दिल्ली में होने वाली इस महारैली के माध्यम से कांग्रेस और इंडिया गठबंधन अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करने के साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *