दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा

Spread the love

विश्व दिव्यांग दिवस पर पांच दिव्यांगजनों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विश्व दिव्यांग दिवस पर बुधवार को समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला अस्पताल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी व अन्य अतिथियों ने दक्ष 5 दिव्यांगजनों को सम्मानित किया। इस मौके पर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की रक्षा तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है।
दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों और स्वरोजगारियों के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयनित 2 दक्ष दिव्यांग कर्मचारियों व 3 दक्ष दिव्यांग स्वरोजगारियों को 8-8 हजार रुपये की राशि, प्रमाण पत्र सहित प्रशस्ति पत्र व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम उपकरण दिए गए। जबकि 9 दिव्यांग प्रमाण पत्र भी इस दौरान जारी हुए। इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी क्षमताएं किसी भी प्रकार से कम नहीं आंकी जानी चाहिए। कहा कि राज्य व केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास, प्रशिक्षण, रोजगार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित जो योजनाएं संचालित कर रही हैं, वह न केवल उनकी प्रतिभा और दक्षता को आगे बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर भी अग्रसर कर रही हैं। आवश्यक उपकरण, तकनीकी सहायता, शिक्षण-प्रशिक्षण सुविधाएं और आर्थिक सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल कुमार सेमवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पौड़ी राहुल राणा, खिर्सू पंकज मैंदोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *